Home Tags फीफा यू-17 विश्व कप

Tag: फीफा यू-17 विश्व कप

फीफा यू-17 विश्व कप : ईरान, जर्मनी, ब्राजील और स्पेन की जीत

नई दिल्ली,  फीफा अंडर-17 विश्व कप के आठवें दिन शुक्रवार को ईरान, जर्मनी, ब्राजील और स्पेन ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल करते हुए नॉकआउट दौर में जगह बना ली है। आठवें दिन ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के मैच कोच्चि और गोवा में खेले गए।

ईरान ने फार्तोदा (गोवा) के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मैच में ग्रुप-सी के मैच में कोस्टा रिका को 3-0 से मात दी। मोहम्मद धोबेइशावी ने 25वें मिनट में मिली पेनाल्टी को गोल में बदलते हुए अपनी टीम का खाता खोला। चार मिनट बाद ताहा शारिआती ने ईरान के लिए दूसरा गोल दागा। मोहम्मद सरदारी ने 89वें मिनट में ईरान के लिए तीसरा गोल किया। ईरान ने ग्रुप दौर का अंत अपने सभी मैचों में जीत के साथ किया है। उसने तीन मैचों में नौ अंकों के साथ ग्रुप में पहला स्थान हासिल करते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश किया।

वहीं कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी के दूसरे मैच में जर्मनी ने गिनी को 3-1 से मात देते हुए नॉक आउट दौर में जगह बनाई। जर्मनी के लिए जेन फिएटे अर्प ने आठवें मिनट में गोल कर उसे बढ़त दिला दी। गिनी ने इब्राहिम सोउमाह द्वारा 26वें मिनट में किए गए गोल के दम पर बराबरी कर ली, लेकिन निकोलस कुएह ने 62वें मिनट में गोल कर जर्मनी को एक बार फिर बढ़त दिला दी। जर्मनी के लिए तीसरा गोल इंजुरी समय के दूसरे मिनट में साहवेर्डी ने किया। जर्मनी छह अंकों के साथ अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही।

फार्तोदा में खेले गए दूसरे मैच में ग्रुप-डी के मुकाबले में ब्राजील ने नाइजर को 2-0 से मात दी। ब्राजील ने शुरू से ही नाइजर पर दबाव बनाए रखा और चौथे मिनट में लिंकन द्वारा किए गए गोल के दम पर 1-0 की बढ़त ले ली। 34वें मिनट में ब्रेनेर ने ब्राजील के लिए दूसरा गोल दागा। ब्राजील हालांकि पहले हाफ का अंत 2-0 से करने के बाद दूसरे हाफ में एक भी गोल नहीं कर पाई। ब्राजील ने इस जीत के साथ ग्रुप में पहले स्थान के साथ नॉक आउट दौर में प्रवेश किया है।

वहीं कोच्चि में खेले गए दूसरे ग्रुप-डी के मैच में स्पेन ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से मात दी। स्पेन के लिए चौथे मिनट में मोहम्मद मोउखलिस ने गोल दगाते हुए उसे बढ़त दिला दी। इसके बाद पहले हाफ में कोई और गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ में कोरिया की कोशिशें बराबरी की थीं, लेकिन स्पेन जैसी मजबूत टीम के सामने वह कुछ नहीं कर पाई। 71वें मिनट में सीजर गेलाबर्ट ने स्पेन के लिए दूसरा गोल किया। स्पेन ने ग्रुप दौर का अंत छह अंकों के साथ करते हुए अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया है।

फीफा यू-17 विश्व कप : माली, पराग्वे, घाना और कोलंबिया की जीत

नई दिल्ली,  फीफा अंडर-17 विश्व कप में गुरुवार को घाना, कोलंबिया, पराग्वे और माली ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल करते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया है।

विश्व कप के सातवें दिन ग्रुप-ए और ग्रुप के मैच खेले गए।

दिन के पहले मैच में माली को न्यूजीलैंड को ग्रुप-बी के मैच में 3-1 से मात देते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया। सलाम जिडु ने पेनाल्टी बॉक्स के बाहर से 18वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में 50वें मिनट में डजेमुसा ट्राओरे ने माली की बढ़त को दोगुना कर दिया। 72वें मिनट में चार्ल्स स्प्राग ने इलिजाह द्वारा दिए गए क्रॉस पास पर शानदार हेडर से गोल में बदलते हुए किवी टीम का खाता खोला और उसकी बराबरी की उम्मीदों को जिंदा किया। लासाना न्यडियाये ने 82वें मिनट में गोल कर माली के खाते में तीसरा गोल दागा।

नवी मुंबई के डी.वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के दूसरे मैच में पराग्वे ने तुर्की को 3-1 से मात देते हुए अंतिम-16 में जगह बना ली। पराग्वे के लिए पहला गोल 41वें मिनट में गियोवानी बोगाडो ने किया। दो मिनट बाद फर्नाडो कार्डजो ने पराग्वे के लिए दूसरा गोल दागा। 61वें मिनट में एंटोनियो गालेनो ने पराग्वे के लिए तीसरा गोल किया। तुर्की के लिए एक मात्र गोल इंजुरी समय के तीसरे मिनट में केरेम केसगिन ने किया। इस हार के बाद तुर्की अंतिम-16 से बाहर हो गई है। वह अपने ग्रुप में चौथे स्थान पर रही।

वहीं ग्रुप-ए के मैच में कोलंबिया ने अमेरिका को मात देते हुए अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। इस मैच के परिणाम के बाद दोनों टीमों के अपने ग्रुप में बराबर छह अंक हैं, लेकिन गोल अंतर के कारण कोलंबिया दूसरे स्थान पर है जबकि अमेरिका को तीसरा स्थान मिला है। अमेरिका ने भी नॉकआउट दौरे के लिए तीसरे स्थान की सर्वश्रेष्ठ टीम रहते हुए क्वालीफाई कर लिया है।

ग्रुप-ए के अन्य मैच में घाना ने भारत को 4-0 से मात दी। घाना ने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल करते हुए अंतिम-16 में जगह बनाई।

घाना ने पहले हाफ में एक गोल किया जबकि दूसरे हाफ में तीन गोल मारे। उसके लिए एरिक अयिहा ने 43वें और 52वें मिनट में दो गोल किए। उनके अलावा 86वें मिनट में रिचर्ड डॉनसो ने और 87वें मिनट में इम्मेनुएल टुकु ने गोल किया।

फीफा यू-17 विश्व कप : भारत को आखिरी मैच में मिली हार, घाना अगले दौर में

नई दिल्ली,  मेजबान भारत का फीफा अंडर-17 विश्व कप में सफर गुरुवार को हार के साथ ही खत्म हो गया। घाना ने उसे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के मैच में 4-0 से मात दी।

भारत का यह इस विश्व कप में आखिरी मैच था। इससे पहले उसे अमेरिका और कोलंबिया के हाथों हार मिली थी। मेजबान देश अपने ग्रुप में सबसे नीचे चौथे स्थान पर रहा।

घाना ने पहले हाफ में एक गोल किया जबकि दूसरे हाफ में तीन गोल मारे। उसके लिए एरिक अयिहा ने 43वें और 52वें मिनट में दो गोल किए। उनके अलावा 86वें मिनट में रिचर्ड डॉनसो ने और 87वें मिनट में इम्मेनुएल टुकु ने गोल किया।

इसी के साथ घाना ने ग्रुप दौर का अंत शीर्ष स्थान पर रहते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया है।

भारत ने पहले हाफ में अपनी विपक्षी टीम को कुछ टक्कर जरूर दी, लेकिन दूसरे हाफ में वह पूरी तरह से मेहमानों के दबाव में दिखी।

शुरुआत में बराबरी का खेल देखा गया हालांकि मैच के छठे मिनट में भारतीय रक्षापंक्ति की लापरवाही का फायदा उठाते हुए घाना ने गोल मार दिया था, लेकिन अयिहा का यह गोल ऑफ साइड करार दे दिया गया।

पहले हाफ में घाना एक तरह से भारत पर हावी रही, लेकिन मेजबान रक्षापंक्ति ने उसे किसी तरह से रोके रखा। उसने घाना को अपने घेरे में काफी दफा गोल करने से रोका। हालांकि उसकी लाख कोशिशों के बाद भी 43वें मिनट में मेहमान टीम गोल कर गई।

पहले हाफ के अंतिम मिनटों में घाना ने गजब की आक्रामकता दिखाई और भारतीय खेमे में ही बनी रही। घाना के स्टार सादिक इब्राहिम ने दाएं छोर से भारत के डिफेंडर स्टालिन को छकाया और गोलपोस्ट की तरफ जमीन से छूती हुई किक लगाई, लेकिन भारतीय गोलकीपर धीरज ने दाईं तरफ डाइव मारते हुए उसे रोका, हालांकि वहीं खड़े अयिहा ने तुरंत काउंटर करते हुए गेंद को नेट में डाला और घाना को 1-0 से आगे कर दिया।

पहसे हाफ में भारतीय टीम गेंद को अपने पास ज्यादा देर रख नहीं सकी। साथ ही वह मिले मौकों को अंजाम तक भी नहीं पहुंचा सकी।

दूसरे हाफ में घाना और मजबूती के साथ खेल रही थी जिसका उसे तुरंत फायदा हुआ। दूसरे हाफ में सात मिनट का ही खेल हुआ था कि अयिहा ने अपने और टीम के खाते में एक और गोल डाल दिया। अर्को मेनशाह ने क्रॉस पास खेला जिसे जितेंद्र ने रोक दिया, गेंद मेनशाह के पास दोबारा गई और इस बार उन्होंने अयिहा को गेंद दी। अयिहा ने तेज तर्रार किक मारते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

भारतीय गोलकीपर धीरज ने हालांकि 62वें मिनट में शानदार बचाव करते हुए घाना को तीसरा गोल करने से रोक दिया। पहले हाफ की अपेक्षा दूसरे हाफ में भारत की आक्रमण पंक्ति कमजोर लग रही थी। मेजबान टीम के खिलाड़ी या तो गेंद पर नियंत्रण खो बैठे या फिर सीधे गोलकीपर के हाथों में खेल दिया।

ऐसा ही एक मौका 78वें मिनट में अनिकेत जाधव की जगह मैदान पर लालेंग्मवाई ने 83वें ने बनाया। घाना के बॉक्स एरिया के बाहर से उन्होंने शानदार किक लगाई, लेकिन दुर्भाग्यवश वो सीधी गोलकीपर इब्राहिम डानल्ड के हाथों में गई।

तीन मिनट बाद अयिहा की जगह मैदान पर आए डानसो ने घाना को 3-0 से आगे कर दिया। अगले ही मिनट इब्राहिम ने गोलपोस्ट पर निशाना लगाया, लेकिन गेंद पोल से टकरा कर वापस आ गई। वहीं खड़े टुकु ने तुरंत पलटवार करते हुए घाना के लिए चौथा गोल मारा।

इस हार के साथ ही भारत नॉकआउट दौर की दौड़ से बाहर हो गया है।