लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता का शव बरामद किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सुनील गर्ग के रूप में की गई है। वह लोहे के एक मशहूर व्यापारी भी थे। उन्हें अंतिम बार रविवार को भाजपा के नगर निगम प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करते देखा गया था।
पुलिस अधीक्षक मानसिंह (शहर) ने बताया कि मृतक के चेहरे पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। उनकी मोटरसाइकिल एक पार्किंग से बरामद कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि हत्या होने से पहले वह कहां-कहां गए और किन लोगों से मिले इसकी जानकारी एकत्र की जा रही है। जल्द ही इस मामले के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
इधर, शहर के भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को जल्द से जल्द इस हत्याकांड को सुलझाने की चेतावनी दी है।