मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को अपने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ की है। इस तारीफ के साथ गद्दार-खुद्दार का जिक्र भी है। एक सवालिया निशान के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा – खुद्दारों को छोड़कर गद्दारों की फौज से लडोगे?
राजनीतिक क्षेत्र में दिग्विजय सिंह द्वारा की गई इस तारीफ के अर्थ तलाश किए जा रहे हैं। यद्यपि दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में यह स्पष्ट किया है कि वे मोदी-शाह की विचारधारा के बुनियादी तौर पर विरोधी हैं। दिग्विजय सिंह ने इसके साथ ही लिखा कि-आपने अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया,इसलिए आपका प्रशंसक हूं। इसी से जुड़े एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को कुछ संकेत भी दे रहे हैं। वे लिखते हैं- जिन लोगों ने आपका बुरे समय में साथ दिया आज वे सब घर बैठ गए। एक प्रश्नवाचक चिंह के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा खुद्दारों की फौज छोड़कर आप गद्दारों की फौज से लडोगे? आप दोनों बहुत बड़ी गलती कर रहे हो।सवालिया निशान का एक अर्थ मोदी-शाह को चुनौती देने वाला निकलता है।
दिग्विजय सिंह का इशारा किन खुद्दारों की तरफ है यह कहना मुश्किल है। गद्दार शब्द का उपयोग शायद उन्होंने दलबदल करने वाले कांग्रेसी नेताओं के लिए किया है? दिग्विजय सिंह पर शनिवार की रात इंदौर में एक प्राथमिकी भी दर्ज हुई है। यह प्राथमिकी उस ट्वीट के कारण हुई जो उन्होंने माधव सदाशिव राव गोलवलकर को लेकर किया था। यह ट्वीट भी विचारधारा को लेकर ही था।
राज्य में साल के अंत तक विधानसभा के चुनाव होना है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस का सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी से है। पिछले विधानसभा चुनाव में पंद्रह साल के बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई थी। लेकिन,ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके विधायकों के भाजपा में शामिल होने के कारण पंद्रह माह में ही सरकार गिर गई। दिग्विजय सिंह के गृह नगर राघोगढ़ में कल ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक सभा की है। राघोगढ़ भाजपा की आकांक्षी सीटों में शामिल है। यहां भाजपा का चुनाव जीतना आसान नहीं होता। इस बार भाजपा पूरा जोर लगा रही है। मोदी और शाह की तारीफ के इस ट्वीट को राघोगढ विधानसभा क्षेत्र की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तरह ही दिग्विजय सिंह संघ की विचारधारा का विरोधी तो अपने आपको बता रहे हैं लेकिन,इसके साथ मोदी-शाह की तारीफ हैरान करने वाली है।

लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं पावर गैलरी पत्रिका के मुख्य संपादक है. संपर्क- 9425014193