केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि टिकट वितरण क्षेत्रों की परिस्थितियों पर निर्भर होते हैं और भाजपा ये चुनाव विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर ही लड़ेगी।
श्री तोमर ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान जन आशीर्वाद यात्राओं के संदर्भ में कहा कि सभी यात्राओं में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर दिन उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के शेष नेताओं का भी इसमें समावेश होगा। यात्रा में भाजपा सरकार की उपलब्धियां और कांग्रेस के घोटाले जनता के समक्ष रखे जाएंगे।
पार्टी की ओर से 39 सीटों पर प्रत्याशी घोषित होेने के बाद कुछ स्थानों पर उभरे असंतोष को लेकर श्री तोमर ने कहा कि एक ही स्थान पर अनेक लोग होते हैं जो चुनाव लड़ने की योग्यता रखते हैं। असंतोष जैसी परिस्थिति अगर कहीं भी आई तो सब मिल कर उसका समाधान निकाल लेंगे।
चुनाव पूर्व ‘चुनावी रेवड़ियों’ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भाजपा आवश्यक समझती है कि गरीब, दलित और महिलाओं के जीवन में सक्षमता आए। क्षमता बढ़ाने के लिए अगर सरकार को सहायता करनी होती है तो करनी ही चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की ओर से चुनाव विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर ही होगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा पूरी तरह पार्टी का ही कार्यक्रम है। कांग्रेस के इस संबंध में सभी आरोप झूठे हैं।
प्रदेश में 2018 की चुनावी हार से मिले सबक के संदर्भ में उन्होंने कहा कि हर चुनाव की परिस्थिति अलग होती है। इस बार भाजपा के पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
भाजपा की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय को टिकट दिए जाने से जुड़े सवाल पर श्री तोमर ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ सबका विकास’ पर काम करती है। केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है। टिकट वितरण पूरी तरह क्षेत्र की परिस्थिति पर निर्भर करता है।
