मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दो दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले भारतीय जनता पार्टी महाकुंभ के संदर्भ में पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व विजय के संकल्प के साथ होने वाला ये अब तक के राजनीतिक इतिहास का सबसे बड़ा कार्यकर्ता महाकुंभ होगा।
श्री शर्मा ने पार्टी की पांचों जन आशीर्वाद यात्राओं और इस कार्यकर्ता महाकुंभ के संदर्भ में यहां संवाददाताओं से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने यात्राओं से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कई आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जितना सोचा, उससे ज्यादा आशीर्वाद मिला। श्री शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इशारे पर हर गरीब का हक छीना।
उन्होंने कहा कि 21 दिन से चल रही यात्राओं में कई वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए। उन्होंने यात्रा में शामिल हुए विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े वरिष्ठ नेताओं का भी संदर्भ देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
पार्टी के कार्यकर्ता महाकुंभ के संदर्भ में श्री शर्मा ने कहा कि आगामी 25 तारीख को होने वाला कार्यकर्ता महाकुंभ आज तक के राजनीतिक इतिहास का सबसे बड़ा महाकुंभ होगा। ये महाकुुंभ विजय संकल्प के साथ आयोजित होगा। उस दिन से प्रदेश में चुनाव का आगाज होगा। उस दिन महिला नेतृत्व का प्रकटीकरण मिलेगा।
यात्रा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सभी यात्राओं में 10 हजार 880 किलाेमीटर की दूरी तय हुई है।
विधानसभा चुनाव के पूर्व भाजपा के कई नेताओं के पार्टी छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थामने को लेकर श्री शर्मा ने कहा कि लगातार नए लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इस महीने में 24 लाख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। ऐसे में ये बात ज्यादा अहम है कि नए लोग ज्यादा सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं कि पुराने लोगों का छोड़ कर जाना ज्यादा अहम है।
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि उन्हें पिछले दिनों मीडिया से खबर मिली कि एक पूर्व सांसद पार्टी छोड़ कर कांग्रेस में गए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वे तो भाजपा में ही नहीं थे। उन्हें पार्टी लोकसभा चुनाव में ही बाहर कर चुकी है। वहीं संवाददाताओं से चर्चा में पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति के संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पार्टी की विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची के बारे में विचार चल रहा है। दूसरी सूची जल्द ही जारी होगी।
Also Read: सनातन के अपमान पर मौनी बाबा बन जाते हैं कमलनाथ : शिवराज
