भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विद्रोही नेता यशवंत सिन्हा ने पार्टी के सांसदों से देश में लोकतंत्र को बचाने और उसके लिए आवाज उठाने की अपील की है।
श्री सिन्हा ने अपनी पार्टी के सांसदों के नाम लिखे एक खुले पत्र में कहा है कि मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के करीब चार साल पूरे कर लिये हैं और पाँच बार बजट भी पेश किया है, लेकिन अब तक देश के सामने कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया है। अब तो यह लगता है कि हमने अपना रास्ता ही खो दिया है और देश के मतदाताओं का विश्वास भी हम पर से उठ गया है।
राजधानी से प्रकाशित एक अंग्रेज दैनिक अखबार में प्रकाशित इस पत्र में श्री सिन्हा ने यह भी कहा है कि इसमें कोई शक नहीं कि इन चार वर्षों में सरकार को छोटी-छोटी सफलताएँ जरूर मिली हैं, लेकिन इस दौरान इतनी बड़ी विफलताएँ रही हैं कि सफलताएँ अर्थहीन हो गयी हैं। इसलिए, आप देश को बचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठ खड़े हों तथा अपने साहस का परिचय दें।
पूर्व वित्त मंत्री श्री सिन्हा ने पत्र में इस बात पर भी चिंता व्यक्त की है कि देश की अर्थव्यवस्था बहुत खराब हो गयी है, महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और विदेश नीति, पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र एवं देश के लोकतांत्रिक संस्थानों को लगातार कमजोर किया जा रहा है।