
देश के जानेमाने राज परिवार से जुड़ी श्रीमती विजयाराजे सिंधिया पर बनी फिल्म एक थी रानी ऐसी भी को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। योगी ने इस घोषणा के जरिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सीधा संदेश दिया है कि उनकी नजर में सिंधिया परिवार अंगे्रजों को सहयोगी नहीं रहा है। ज्ञातव्य है कि मध्यप्रदेश के भिंड जिले की अटेर विधानसभा के उप चुनाव में प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंधिया परिवार पर 1857 की क्रांति में अंग्रेजों का साथ देने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री के इस बयान की भारतीय जनता पार्टी में ही आलोचना हुई। बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक भी पहुंची थी। प्रधानमंत्री मोदी ने राज परिवारों के योगदान को काफी महत्वपूर्ण बताया था। भारतीय जनता पार्टी को स्थापित करने में विजया राजे सिंधिया का काफी बड़ा योगदान रहा है। उनकी बेटी एवं मध्यप्रदेश की खेल एवं युवक कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के अनुसार राजमाता ने अपने गहने बेचकर पार्टी को खड़ा किया है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया भी राजमाता की ही बेटी हैं। भारतीय जनता पार्टी और खासकर मध्यप्रदेश में विजयाराजे सिंधिया की पहचान राजमाता के रूप में है। लोग उन्हें राजमाता ही कहते हैं। गोवा की राज्यपाल मृदला सिन्हा ने राजमाता के जीवन पर केन्द्रित एक पुस्तक भी लिखी है। इस पुस्तक का शीर्षक है राजपथ से लोकपथ। एक थी रानी ऐसी भी फिल्म की पटकथा मृदला सिन्हा की पुस्तक से ली गई है। फिल्म के निर्देशक गुलबहार सिंह हैं। फिल्म 21 अप्रैल को पूरे देश में रिलीज हो रही है। भाजपा की सांसद एवं अभिनेत्री हेमामालिनी फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं। अभिनेता विनोद खन्ना ने राजमाता के पति का रोल निभाया है। फिल्म को रिलीज से पहले कर मुक्त करने का निर्णय उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने लिया है। अन्य भाजपा शासित राज्यों ने अभी फिल्म को कर मुक्त करने के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है।