विधानसभा चुनाव में सबसे बड़े राजनीतिक दल के तौर पर उभरने के बाद भी सत्ता पाने से वंचित रही कांग्रेस को आज मणिपुर में एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के विधायक गिनसुआनहाउ सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार है।
गिनसुआनहाउ ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा, भाजपा में शामिल
राज्य भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिनसुआनहाउ ने कहा, मैंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और भाजपा में शामिल हो गया हूं। मुख्यमंत्री नोंगथेमबाम बिरेन सिंह और मणिपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. भावनंद सिंह ने भाजपा पार्टी में उनका स्वागत किया।
ज्ञातव्य है कि हाल में हुए राज्य विधानसभा चुनाव में गिनसुआनहाउ चूडाचांदपुर जिले के सिंगहट सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। मणिपुर की 60 विस सीटों में से कांग्रेस को 28 सीटें मिली थी जबकि भाजपा को 21 सीटें मिली थी और उसने अन्य पार्टियों के विधायकों की मदद से सरकार का गठन कर लिया था।