देश की राजनीतिक आर्थिक स्थिति पर विचार करने तथा पिछले 17 वर्षों से ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) के शासन से उब चुके लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज से यहां शुरू हो रही दो दिवसीय बैठक के लिए इस शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
वर्ष 2000 से चल रही नवीन पटनायक सरकार के कामकाज से लोगों में पहले ही नाराजगी तथा हाल के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को मिली भारी सफलता से उत्साहित इस पार्टी की इस राज्य में 20 वर्ष बाद हो रही कार्यकारिणी की बैठक के लिए इस शहर के चप्पे-चप्पे को तोरण द्वारों और फूल मालाआें से सजाया गया है।
हवाई अड्डे,रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से चलने वाली तमाम सड़कों पर बने तोरण द्वारों और उसके आसपास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के कटआउट लगाये गये है। बड़े-बड़े होर्डिंग्स पर प्रधानमंत्री और श्री शाह के चित्र लगाये गये है तथा उड़िया भाषा में उनका स्वागत किया गया है।
कुछ तोरण द्वारों पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की तस्वीर लगायी गयी है और उनका अभिनंदन किया गया है। शहर के अनेक हिस्सों को रंगीन बिजली के बल्ब से सजाया गया है।
शहरों में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से उत्साहित युवा और पार्टी कार्यकर्ता बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर आने वाले भाजपा नेताओं का फूलमालाओं और तिलक आरती करके स्वागत कर रहे है।