मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में असंतुष्ट राजनीति से बचने के लिए मध्यप्रदेश के सभी दिग्गज बड़े नेताओं को कमेटियाँ बनाकर एडजस्ट किया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भूमिका सबसे ताकतवर के रूप में उभरकर सामने आई है। उन्हें प्रदेश कांग्रेस की समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाया गया। प्रतिपक्ष के नेता अजय सिंह को किसी भी कमेटी में जगह नहीं मिली है। दिग्विजय सिंह के महत्वपूर्ण भूमिका में आ जाने के बाद सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की हैसियत में भी फर्क पड़ा है।
कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार समिति और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को इलेक्शन प्लानिंग एंड स्ट्रेटेजी कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही मध्यप्रदेश के 20 जिलों में नए अध्यक्ष बनाए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस से यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व ने आज समन्वय समिति, चुनाव प्रचार समिति, इलेक्शन प्लानिंग एंड स्ट्रेटेजी कमेटी, अनुशासन कार्य समिति, घोषणापत्र समिति, मीडिया एंड कम्युनिकेशन कमेटी और 20 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की है।
समन्वय समिति में श्री सिंह के साथ सर्वश्री महेश जोशी, रामेश्वर नीखरा, सत्यव्रत चतुर्वेदी, मुजीब कुरैशी, बिसाहूलाल सिंह सहित 12 सदस्य शामिल हैं।
चुनाव प्रचार समिति में श्री सिंधिया के साथ सांसद सर्वश्री कांतिलाल भूरिया, विवेक तन्खा एवं राजमणि पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, इंद्रजीत पटेल, आरिफ अकील, मुकेश नायक सहित 14 सदस्य शामिल किए गए हैं।
इलेक्शन प्लानिंग एंड स्ट्रेटेजी कमेटी में श्री पचौरी के साथ श्री के पी सिंह, सुश्री विजयलक्ष्मी साधो, श्रीमती शोभा ओझा सहित आठ सदस्य बनाए गए हैं।
घोषणापत्र समिति में श्री राजेंद्र सिंह अध्यक्ष, श्री विवेक तन्खा एवं सुश्री मीनाक्षी नटराजन उपाध्यक्ष और नरेंद्र नाहटा संयोजक बनाए गए हैं।
अनुशासन कार्य समिति में चेयरमैन हजारीलाल रघुवंशी और को-चेयरमैन चंद्रप्रभाष शेखर के साथ तीन सदस्य शामिल किए गए हैं। मीडिया एंड कम्युनिकेशन कमेटी में अध्यक्ष मानक अग्रवाल के साथ पंकज चतुर्वेदी और पंकज शर्मा को शामिल किया गया है।
विभिन्न समितियों का निर्माण
विभिन्न समितियों के साथ ही 20 जिलों में भी नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। भोपाल शहर में श्री कैलाश मिश्रा और भोपाल ग्रामीण में श्री अरुण श्रीवास्तव घोषित किए गए हैं। ग्वालियर में श्री देवेंद्र शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है।
गुना में श्री विट्ठलदास मीणा, शिवपुरी में श्री बैजनाथ यादव, अशोकनगर में श्री कन्हैया राम लोधी, दमोह में श्री अजय टंडन, रीवा शहर में श्री गुरमीत सिंह मंगू, शहडोल में श्री सुभाष गुप्ता, कटनी शहर में श्री मिथिलेश जैन, कटनी ग्रामीण में श्री गुमान सिंह ठाकुर, सिवनी में श्री राजकुमार खुराना, डिंडोरी में श्री वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, बालाघाट में श्री विश्वेश्वर भगत, सीहोर में श्री रतन सिंह ठाकुर, राजगढ़ में नारायण सिंह अमलावे, बैतूल में श्री सुनील शर्मा, होशंगाबाद में श्री कपिल फौजदार, देवास शहर में श्री मनोज राजानी और बड़वानी में श्री वीरेंद्र सिंह राठौर को जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
