आंध्र प्रदेश के साथ होगा मध्यप्रदेश के भाजपा अध्यक्ष का फैसला

आंध्र प्रदेश के साथ होगा मध्यप्रदेश के भाजपा अध्यक्ष का फैसला

भारतीय जनता पार्टी का केन्द्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश की राज्य इकाई में बदलाव का फैसला कर चुका है। यद्यपि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार चौहान को पद पर बने रहने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री के इस कथित आग्रह को पार्टी अध्यक्ष नंदकुमार चौहान की सम्मानजनक विदाई के रास्ते के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा सार्वजनिक रूप से दिए गए इस बयान के तीन घंटे बाद हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में नंदकुमार चौहान नहीं पहुंचे।

इससे यह साफ संकेत मिल गया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें पद से हटाने का फैसला कर लिया है। नंदकुमार चौहान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सबसे करीबी नेता माने जाते हैं। मुख्यमंत्री चौहान, चुनावी साल में पार्टी अध्यक्ष के पद पर अपने किसी भरोसेमंद नेता को लाना चाहते हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व राज्य के जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पर विचार कर रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने विकल्प के तौर पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला का नाम आगे बढ़ाया है। पार्टी ब्राहणों को साधने की कवायद भी अध्यक्ष बदले जाने की प्रक्रिया में कर रही है।

मध्यप्रदेश के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष का भी फैसला बुधवार को होने की संभावना है।  आंध्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष कंभमपाटी हरिबाबू ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों के अनुसार श्री हरिबाबू का कार्यकाल पूरा हो गया है और नये अध्यक्ष की नियुक्ति की जानी है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपना इस्तीफा अध्यक्ष पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को भेज दिया है। सूत्रों का कहना है कि तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) से अलग होने के बाद से ही भाजपा प्रदेश इकाई में बदलाव के मूड में थी। भाजपा राज्य में अपने बलबूते पर पकड़ मजबूत करने के लिए नयी रणनीति पर काम कर रही है।

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तेदेपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और उसके नौ विधायक चुने गए थे। आम चुनाव में पार्टी को तीन सीटों पर विजय मिली थी।

सूत्रों के अनुसार नये अध्यक्ष की दौड़ में विधान परिषद सदस्य सोमू वीरराजू का नाम सबसे आगे है। पूर्व मंत्री पी मानिकला राव, के लक्ष्मीनारायण और डी पुरुदेश्वरी का नाम भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की रेस के लिए चर्चा में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here