लालू यादव अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ बिहार के मैदान में कूद गए हैं। पुत्र तेजस्वी यादव की बुधवार से चंपारण जनादेश अपमान यात्रा शुरू कर रहे हैं। राबड़ी देवी ने तेजस्वी यादव को आज यात्रा के लिए तिलक लगाकर रवाना किया। तेजस्वी ने यात्रा पर रवाना होने से पूर्व कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में जनादेश का अपमान किया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुक्त भारत बनाने की बात करते थे, परंतु आज उसी की गोद में जा बैठे हैं। नीतीश कुमार ने मैदान से हटकर यह साबित कर दिया कि वह रणछोड़ हैं।
तेजस्वी जनता को बताएंगे कैसे हुआ जनादेश का अपमान
तेजस्वी ने कहा कि पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से प्रारंभ होने वाली इस यात्रा के दौरान वह ‘नीतीश कुमार द्वारा जनादेश के अपमान’ की कहानी लोगों को बताएंगे तथा यह भी बताएंगे कि यहां के लोगों ने जिसे सत्ता से हटाया था, आज उसी के साथ नीतीश कुमार हो गए हैं। तेजस्वी बुधवार को मोतिहारी में गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रार्थना सभा में भाग लेंगे। इसके बाद वह अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वह इसी दिन जानकी देवी कन्या उच्च विद्यालय, माधोपुर में एक आमसभा को संबोधित करेंगे और उसके बाद शिवहर के लिए रवाना हो जाएंगे। शिवहर के जिला समाहरणालय मैदान में तेजस्वी गुरुवार को एक सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में भी इसी दिन अलग-अलग जनसभा को संबोधित करने का कार्यकम है। इसके बाद वह पटना लौट आएंगे।
लालू बोले नीतीश ने राजनीतिक आत्महत्या कर ली
तेजस्वी को यात्रा पर रवाना करने से पूर्व लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार आस्तीन के सांप हैं। उन्होंने महागठबंधन से अलग होकर राजनीतिक आत्महत्या कर ली है। नीतीश कुमार पर जनादेश के अपमान करने का आरोप लगाते हुए लालू ने कहा कि आज देश को बांटने की साजिश की जा रही है। नीतीश पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए लालू ने कहा कि जितने दिन हमारे साथ थे, हमसे सटे रहे और आज जब भाजपा के साथ हो गए, तो भाजपा के जयकारे लगा रहे हैं। लालू ने कहा गठबंधन तोड़ने के लिए नीतीश कुमार भाजपा से ज्यादा दोषी हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि बिहार में हमने कोई तोड़-फोड़ नहीं की। नीतीश ने खुद गठबंधन छोड़ा है। लालू ने कहा, “तेजस्वी जनादेश अपमान यात्रा के दौरान नीतीश कुमार की सच्चाई को जनता के बीच पहुंचकर बताएंगे।