#Bjp4india भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर आज बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है फेरबदल में चुनाव वाले राज्यों को प्राथमिकता दी गई है। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भी सूची को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपने नए पदाधिकारियों की घोषणा की। सूची में तेरा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, रघुवर दास और वसुंधरा राजे सिंधिया भी शामिल हैं। इस सूची के जारी होने के बाद यह संभावना भी काफी कम हो गई है कि मंत्रिमंडल से कुछ लोगों को संगठन में भेजा जा सकता है।
सूची में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष 8 महासचिव और 13 सचिव हैं। तेलंगाना के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय और सांसद राधा मोहन अग्रवाल को महामंत्री बनाया गया है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री का दायित्व बीएल संतोष पहले की तरह देखते रहेंगे। वही शिव प्रकाश को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। कोषाध्यक्ष के तौर पर उत्तर प्रदेश के राजेश अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई है। उत्तराखंड के नरेश बंसल सह कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं।
जेपी नड्डा की टीम में उत्तर प्रदेश के 7 चेहरों को जगह मिली है उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपाई को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। बाजपाई की यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश से आने वालों में शिव प्रकाश का नाम भी है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली नियुक्ति उत्तर प्रदेश से पार्टी के एमएलसी और अल्पसंख्यक चेहरा तारिक मंसूर की है। तारिक मंसूर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति भी रह चुके हैं। यह नियुक्ति पसमांदा मुसलमानों को अपने पक्ष में करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में सरोज पांडे की नियुक्ति भी महत्वपूर्ण है। सरोज पांडे जी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाई गई हैं।
मध्य प्रदेश जहां की इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होना है वहां से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर सौदान सिंह को जगह मिली है। महासचिव के तौर पर कैलाश विजयवर्गीय पहले की तरह राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में अपनी जगह कायम रखने में सफल रहे हैं। मध्यप्रदेश से आदिवासी चेहरे के तौर पर ओम प्रकाश धुर्वे को राष्ट्रीय सचिव बनाए रखा गया है।

लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं पावर गैलरी पत्रिका के मुख्य संपादक है. संपर्क- 9425014193